प्रखंड अंतर्गत जाखर धरमपुर पंचायत के राजकीय बुनियादी विद्यालय धरमपुर में बुधवार को बाल मेला का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र के सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय परिसर बच्चों की चहल-पहल और रंगारंग गतिविधियों से गुलजार रहा।
बाल मेले का मुख्य उद्देश्य नए शैक्षणिक सत्र में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका कोमल कुमारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों एवं अभिभावकों से विद्यालय के विकास में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने चित्रकला, गीत-संगीत, नृत्य एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छोटे-छोटे बच्चों का आत्मविश्वास और मंच प्रस्तुति देख अभिभावक भी उत्साहित नजर आए। शिक्षकों ने बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और पढ़ाई में रुचि लेने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर सहायक शिक्षक कुसुम कुमारी, ज्योति कुमारी, तनीषा, अशोक, माया प्रसाद, रणवीर, कामिनी कुमारी, मयंक सक्सेना, टोला सेवक अर्जुन साद, गौरी देवी सहायिका तथा आंगनबाड़ी सेविका रंजन कुमारी सहित अन्य मौजूद रहे।
बाल मेले के माध्यम से विद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट संदेश दिया कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। नामांकन अभियान को सफल बनाने के लिए विद्यालय परिवार ने घर-घर संपर्क अभियान चलाने का भी निर्णय लिया।