S News85

दो पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

दो पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

Share

रहियार, समस्तीपुर। प्रखंड के रहियार उत्तर एवं रहियार दक्षिण पंचायत में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका शीघ्र समाधान कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे।

रहियार उत्तर पंचायत में जनता उच्च विद्यालय पटेल नगर एवं बेला दुर्गा मंदिर परिसर में, जबकि रहियार दक्षिण पंचायत में पंचायत सरकार भवन परिसर में सहयोग शिविर लगाया गया। दोनों स्थानों पर महिलाओं, किसानों, मजदूरों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों की काफी भीड़ रही।

दो पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

शिविर की अध्यक्षता समाहर्ता संदीप झा ने की, जबकि संचालन बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में किया गया। एटीएम संदीप झा, प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह, सीओ अम्बपाली यादव, बीपीआरओ नाजिश प्रवीण, बीईओ रामजन्म सिंह, सीडीपीओ निभा कुमारी, पीओ बबलू कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी नूरजहां, बिजली विभाग के जेई आकाश वर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने दोनों पंचायतों में शिविर का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों पंचायतों के मुखिया धर्मेंद्र कुमार मंडल एवं अशर्फी सहनी सहित अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

15 विभागों के लगाए गए काउंटर

सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से कुल 15 काउंटर लगाए गए थे। इन काउंटरों पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं, आवेदन प्राप्त किए और आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। ग्रामीणों को संबंधित विभाग की योजनाओं, पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

शिविर में कृषि, राजस्व, पंचायती राज, शिक्षा, बाल विकास, ग्रामीण विकास, खाद्य एवं आपूर्ति, बिजली, स्वास्थ्य, श्रम, जीविका, सहकारिता और उद्यान सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए।

ग्रामीणों ने पेंशन, राशन, आवास, बिजली, पेयजल, कृषि, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन दिए। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पंचायत प्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों का सम्मान

शिविर में पहुंचने पर रहियार उत्तर पंचायत के मुखिया धर्मेंद्र मंडल, पंचायत सचिव महेंद्र पासवान, पंचायत डाटा ऑपरेटर कमलेश शर्मा एवं समाजसेवी संजय सहनी तथा रहियार दक्षिण पंचायत के मुखिया अशर्फी सहनी, पंचायत सचिव रवि कुमार एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं का पाग, चादर और माला पहनाकर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर बीएओ सतीश कुमार, पीएचईडी जेई हिमांशु कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, बीसीओ शिव दर्शन पासवान, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सरोज कुमार, शिवाजीनगर पुलिस पदाधिकारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी नीतू कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। पंचायत स्तर पर ही अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं की सुनवाई और आवेदन लेने से आम लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो रही है।

Exit mobile version