शिवाजी नगर प्रखंड अंतर्गत गुरुकुल आश्रम शहरू में डॉ बंधु के जयंती मनाई गई।
शिवाजी नगर प्रखंड अंतर्गत गुरुकुल आश्रम, शहरू में होम्योपैथी दवा ऊर्जा प्रसारण विधि के आविष्कारक डॉ. बंधु सहनी की 101वीं जयंती श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गुरुकुल आश्रम द्वारा संचालित स्वास्थ्य विभाग के निर्देशन में सहनी ड्रग ट्रांसमिशन एंड होम्योपैथी वाह्य चिकित्सा केंद्र, स्वामी सत्यानंद साधना कुटीर, सामुदायिक शिक्षण संस्थान, रघूवर-धाम, सहरू (बेहड़ी) में निःशुल्क होम्योपैथी चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत “हरि ॐ, आत्मस्वरूप” के उद्घोष के साथ हुई। इस मौके पर पूर्व उपाध्यक्ष श्री अशोक कुमार ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं चिकित्सक प्रो. डॉ. विनोद कुमार सिंह, गुरुकुल आश्रम के सामुदायिक शिक्षण संस्थान प्रभारी प्रधान शिक्षक श्री जीबछ भगत, शिक्षिका श्रीमती मुन्नी कुमारी महतो, श्री राहुल कुमार तथा अध्यात्म विभाग के संचालक श्री मनोज कुमार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। शिविर में बड़ी संख्या में मरीज शामिल हुए और निःशुल्क उपचार का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने डॉ. बंधु सहनी के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने होम्योपैथी चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी “दवा ऊर्जा प्रसारण विधि” का आविष्कार किया, जिसके माध्यम से दूर-दूर बैठे मरीजों का उपचार संभव हुआ। इस पद्धति ने समय और दूरी की बाधाओं को समाप्त किया और होम्योपैथी के सिद्धांतों को व्यावहारिक रूप से लागू करने में मील का पत्थर साबित हुई। वक्ताओं ने यह भी बताया कि इस विधि के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
डॉ. बंधु सहनी के पुत्र डॉ. मृदुल कुमार सहनी वर्तमान में इस चिकित्सा पद्धति को आगे बढ़ा रहे हैं और समाज सेवा के लिए समर्पित हैं। जानकारी दी गई कि गुरुकुल आश्रम में प्रत्येक शनिवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाता है। साथ ही 17 जनवरी से 25 जनवरी तक विशेष निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी जारी रहेगा।

कार्यक्रम का समापन “ॐ तत्सत्” के साथ किया गया। आश्रम प्रबंधन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
