शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत शिवाजीनगर पुलिस ने पेट्रोलियम पदार्थ की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पेट्रोल के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। शुक्रवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने लगभग 1100 लीटर अवैध पेट्रोल, बिना रजिस्ट्रेशन का एक छोटा टैंकर और भारी मात्रा में पेट्रोल भंडारण के उपकरण बरामद किए हैं।
शिवाजीनगर में अवैध पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़ इस दौरान मौके से दो धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।मिली जानकारी के अनुसार शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के रोसड़ा बहेरी मुख्य सड़क स्थित डुमरा मोहन पंचायत के बगधरूआ सड़क किनारे स्थित शांति कलेक्शन नामक मकान में लंबे समय से पेट्रोलियम पदार्थ का अवैध कारोबार चल रहा था। यह मकान स्व राजकुमार मंडल की पत्नी शांति देवी का बताया जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार
यहां करीब छह महीने से अधिक समय से डीजल और पेट्रोल की कालाबाजारी की जा रही थी। बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह एक छोटा टैंकर पेट्रोल लेकर जैसे ही उक्त मकान परिसर में पहुंचा, उसी समय पहले से सतर्क पुलिस टीम ने छापेमारी कर दी। पुलिस ने मौके से पेट्रोल से भरा टैंकर जब्त कर लिया और वहां मौजूद दो युवकों को पकड़ लिया। दोनों युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में युवकों ने स्वीकार किया कि वे पिछले कई महीनों से इस अवैध कारोबार में संलिप्त हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे लोग बेगूसराय के एक चप्पल दुकानदार के यहां से पेट्रोलियम पदार्थ लाकर यहां बेचते थे।
इस मामले में गिरफ्तार युवकों की पहचान खानपुर थाना क्षेत्र के कामोपुर गांव निवासी रामकलेश राय के पुत्र प्रिंस कुमार तथा इसी गांव के राजा राम महतो के पुत्र इंद्रजीत कुमार के रूप में की गई है।
थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में संदिग्ध तरीके से पेट्रोलियम पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, जिसके बाद उनके निर्देश पर पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पेट्रोलियम पदार्थ से भरा एक टैंकर बरामद किया गया और मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया गया। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि जल्द ही इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। छापेमारी अभियान में थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार, प्रभारी एमओ रंजन कुमार, निरीक्षक माफ तोल पदाधिकारी समस्तीपुर सुधीर कुमार एवं सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार झा सहित पुलिस पदाधिकारी विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रहे थे।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्रभारी एमओ रंजन कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
इधर इस संबंध में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार झा भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि रोसड़ा अनुमंडल पदाधिकारी से सूचना मिलने के बाद वे जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे। जांच के दौरान वहां 10 टीन के ड्रम, 9 प्लास्टिक के ड्रम, एक बिना नंबर प्लेट का मोडिफाइड टैंकर लोरी तथा तेल भंडारण से संबंधित कई उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा 56 गैलन और मोटर सहित अन्य सामान भी कमरे में रखा हुआ पाया गया, जिससे स्पष्ट होता है कि यहां अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थ का कारोबार किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि जब संचालकों से इस संबंध में कागजात की मांग की गई तो वे किसी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया यह मामला पेट्रोलियम पदार्थ की अवैध खरीद-बिक्री और भंडारण से जुड़ा प्रतीत होता है। इसको लेकर पेट्रोलियम एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। मौके पर एसआई मुकेश कुमार सिंह राजेश कुमार शैलेश कुमार आदि थे।
