शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत दहियार रन्ना पंचायत के गुरुकुलआश्रम शाहरू धाम परिसर में शनिवार को ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार ने की, जबकि संचालन मुखिया पति राजेश कुमार सिंह ने किया। बैठक में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य रूप से रोसड़ा-शिवाजीनगर-बहेरी सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी और इससे लोगों को हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
दो महीनों से ठप पड़ा है सड़क निर्माण कार्य
ग्रामीणों ने बताया कि रोसड़ा से शिवाजीनगर होते हुए बहेरी तक बनने वाली सड़क का निर्माण कार्य काफी समय से अधूरा पड़ा हुआ है। वर्तमान में यह सड़क कर्पूरी चौक तक बनकर रुक गई है, जबकि कर्पूरी चौक से बहेरी तक का निर्माण कार्य लगभग दो महीनों से पूरी तरह बंद पड़ा है।

इस कारण इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
धूल और कंकड़ से बढ़ी दुर्घटना की आशंका
ग्रामीणों ने बताया कि अधूरी सड़क के कारण पूरे रास्ते में धूल, कंकड़ और पत्थर फैले हुए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह सड़क काफी खतरनाक साबित हो रही है।
धूल के कारण लोगों को सांस संबंधी समस्याएं होने लगी हैं, वहीं कंकड़-पत्थर के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण में हो रही लापरवाही के कारण आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने सरकार और संवेदक से मांग की कि जल्द से जल्द रोसड़ा-शिवाजीनगर-बहेरी सड़क निर्माण कार्य को दोबारा शुरू कर शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
निर्माण पूरा होने तक पानी का छिड़काव कराने की मांग
ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि जब तक सड़क निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक निर्माण एजेंसी द्वारा प्रतिदिन कम से कम तीन बार सड़क पर पानी का छिड़काव कराया जाए। इससे धूल और डस्ट से लोगों को राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
बैठक में वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों को आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर संवेदक को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में शिवाजी मंडल, रामशोभित मंडल, विजय मंडल, मदन प्रसाद सिंह, डॉ. विनोद कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, राम बालक सिंह, सुरेश कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग उठाई।