S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

Samastipur

फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर शिवाजीनगर में अहम बैठक, 10 फरवरी से शुरू होगा सर्वजन दवा सेवन अभियान

Share

शिवाजीनगर। फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन को लेकर गुरुवार को शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत उच्च विद्यालय के सभागार में शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण समीक्षा-सह-समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) राम जन्म सिंह ने की, जबकि संचालन पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह ने किया। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षक उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि शिवाजीनगर प्रखंड में कुल 142 विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 17 उच्च विद्यालय, 43 मध्य विद्यालय तथा 82 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। बीईओ ने सभी विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिया कि वे फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को विद्यालय स्तर से लेकर गांव-टोले तक प्रभावी ढंग से प्रचारित करें, ताकि यह अभियान जन आंदोलन का रूप ले सके।

बीईओ राम जन्म सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर और अपंगता देने वाली बीमारी है, जिसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। विद्यालय समाज का महत्वपूर्ण केंद्र होता है, इसलिए यहां से दिया गया संदेश पंचायत और गांव तक तेजी से पहुंचता है। उन्होंने सभी एचएम से अपील की कि वे बच्चों और अभिभावकों को दवा सेवन के लिए जागरूक करें और स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें।

फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर शिवाजीनगर में अहम बैठक, 10 फरवरी से शुरू होगा सर्वजन दवा सेवन अभियान

बैठक में समय पर रिपोर्टिंग को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। बीईओ ने कहा कि अभियान से संबंधित सभी प्रतिवेदन निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही अपार कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए बिना आधार कार्ड वाले बच्चों के अभिभावकों से तत्काल संपर्क कर आधार एवं अपार कार्ड बनवाने का निर्देश दिया गया।

इसके अतिरिक्त यू-डायस (UDISE) डेटा में पाई गई त्रुटियों को शीघ्र सुधारने तथा ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर बच्चों के विवरण को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र विद्यार्थियों तक पहुंच सके।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 10 फरवरी से 27 फरवरी तक प्रखंड की सभी पंचायतों में सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान दो वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को अल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन की एकल खुराक दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दवा दो वर्ष से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर रोगों से ग्रस्त व्यक्तियों को नहीं दी जाएगी।

एमडीए कोऑर्डिनेटर अभिषेक कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षकों से अपील की कि फाइलेरिया (हाथीपांव) से गांव और परिवार को सुरक्षित रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब आशा कार्यकर्ता या स्वास्थ्यकर्मी घर आएं, तो उनके सामने ही दवा का सेवन करें। यह दवा सुरक्षित है, साल में केवल एक बार खानी होती है और इसका लाभ पूरे परिवार को मिलता है। अफवाहों से दूर रहते हुए दूसरों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
उन्होंने नारा देते हुए कहा— “10 फरवरी से दवा खाइए, फाइलेरिया भगाइए!”

बैठक में स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्ला, प्रवीण कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने जनभागीदारी के साथ फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयास से शिवाजीनगर प्रखंड को फाइलेरिया-मुक्त बनाने की दिशा में यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *