शिवाजीनगर पीएचसी प्रभारी डॉ. कुमार अमित का हार्ट अटैक से निधन, स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर
शिवाजीनगर (समस्तीपुर): प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार अमित का सोमवार को हार्ट अटैक से आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद घटना से शिवाजीनगर पीएचसी समेत पूरे स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. कुमार अमित अपने परिवार के साथ पटना स्थित आवास पर थे, जहां वे अपनी पत्नी के आंख के इलाज के सिलसिले में गए हुए थे। इसी दौरान अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि डॉ. अमित की उम्र लगभग 48 से 49 वर्ष के बीच थी। वे मूल रूप से खगड़िया जिले के मानसी के निवासी थे और वर्ष 2020 से शिवाजीनगर पीएचसी में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वर्ष 2023 में पूर्व प्रभारी गणेश पाजियार के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. अमित ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की थी। वे अपने मिलनसार स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। मरीजों के प्रति उनका व्यवहार अत्यंत संवेदनशील और समर्पित था।
सोमवार को ही उनके पटना से लौटकर पुनः पीएचसी में योगदान देने की संभावना थी। स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्ला समेत अन्य कर्मचारी उनके आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे। वहीं फोर्थ ग्रेड कर्मचारी मनोज कुमार उन्हें रिसीव करने के लिए समस्तीपुर कलेक्ट्रेट के पास मौजूद थे। इसी बीच उनके निधन की सूचना मिलते ही सभी स्तब्ध रह गए।
जैसे ही यह खबर शिवाजीनगर पीएचसी पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया और कर्मचारियों के बीच शोक का माहौल व्याप्त हो गया। सहकर्मियों ने इसे स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
डॉ. सुमित कुमार, डॉ. सुभाष कुमार, डॉ. रंजन कुमार, डॉ. डीके पांडे, विवेक कुमार विमल, संजय कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्ला, यूनिसेफ बीसीएम विक्रम कुमार चौधरी, डॉ. सोनम कुमारी और प्रतिभा कुमारी समेत कई स्वास्थ्यकर्मियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
स्थानीय लोगों ने भी डॉ. अमित के निधन पर गहरा दुख जताते हुए उन्हें एक ईमानदार, समर्पित और सेवाभावी चिकित्सक बताया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
