Friday, July 24, 2026

S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

worldliness

शिवाजीनगर में भावुक माहौल के बीच बीडीओ आलोक कुमार सिंह को भव्य विदाई, नई सीओ अम्बपाली यादव का पारंपरिक स्वागत

Share

शिवाजीनगर (समस्तीपुर)। प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में बुधवार को आयोजित सम्मान सह विदाई समारोह भावनाओं से सराबोर रहा। समारोह में निवर्तमान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आलोक कुमार सिंह, जीविका के बीपीएम नीतू कुमारी तथा प्रखंड लिपिक आफताब को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वहीं नवपदस्थापित अंचलाधिकारी (सीओ) अम्बपाली यादव का जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड कर्मियों ने मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप पाग, चादर, माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया संघ अध्यक्ष सह मुखिया रामचंद्र सिंह ने की। समारोह का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, निवर्तमान बीडीओ आलोक कुमार सिंह, सीओ अम्बपाली यादव, बीपीआरओ नाजिश प्रवीण, एमओओ नूरजहां, बीएओ सतीश कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी सरोज कुमार, पीओ बबलू कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, समाजसेवी संतोष कुमार सिंह एवं बिजली विभाग के जेई आकाश वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

सम्मान के साथ भावभीनी विदाई

विदाई समारोह में आलोक कुमार सिंह, नीतू कुमारी एवं आफताब को बुके, गुलदस्ता, पाग, चादर, माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हें भावभीनी विदाई दी। कई लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरे परिसर में भावुक माहौल देखने को मिला।

विकास कार्यों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे आलोक कुमार सिंह

शिवाजीनगर में भावुक माहौल के बीच बीडीओ आलोक कुमार सिंह को भव्य विदाई, नई सीओ अम्बपाली यादव का पारंपरिक स्वागत

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आलोक कुमार सिंह का कार्यकाल विकास कार्यों, प्रशासनिक पारदर्शिता और जनसरोकारों के प्रति समर्पण के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने नए प्रखंड भवन में विभिन्न कार्यालयों के सफल स्थानांतरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान, जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय और कर्मचारियों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार ने उन्हें एक लोकप्रिय अधिकारी के रूप में स्थापित किया।

वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने एक सरल, मिलनसार और संवेदनशील प्रशासक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है, जिसकी कमी शिवाजीनगर को हमेशा महसूस होगी।

“शिवाजीनगर का स्नेह जीवनभर नहीं भूलूंगा” : आलोक कुमार सिंह

अपने विदाई संबोधन में निवर्तमान बीडीओ आलोक कुमार सिंह भावुक हो गए। उन्होंने कहा,

“शिवाजीनगर में मिला स्नेह, सहयोग और सम्मान मेरे जीवन की अमूल्य पूंजी है। यहां के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने हर कदम पर मेरा साथ दिया। इसी सहयोग से हम सभी ने मिलकर कई महत्वपूर्ण कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा किया। मैं यहां की यादों को हमेशा अपने साथ लेकर जाऊंगा और शिवाजीनगर परिवार का यह अपनापन कभी नहीं भूल पाऊंगा।”

उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां का सहयोग उनके प्रशासनिक जीवन की सबसे सुखद यादों में शामिल रहेगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बनाया समारोह को यादगार

कार्यक्रम के अंत में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। पारंपरिक संगीत की धुनों के बीच फूलों से सजी गाड़ी में निवर्तमान बीडीओ आलोक कुमार सिंह को विदाई दी गई। उपस्थित लोगों ने हाथ हिलाकर और नम आंखों से उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

जानकारी दी गई कि आलोक कुमार सिंह का स्थानांतरण मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड में किया गया है।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में मुखिया भरत सिंह, राजेश कुमार सिंह, राम पुकार मंडल, नटवर राय, दुखा मुखिया, धर्मेंद्र कुमार मंडल, अशर्फी सहनी, संजीव पासवान, विनोद पासवान, प्रेम कुमार सहनी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष राम पुकार मंडल, समाजसेवी संतोष कुमार सिंह, तकनीकी सहायक जेई दीप सागर, पंचायत सचिव महेंद्र पासवान, उमेश प्रसाद, मिथिलेश कुमार, पंचायत समिति सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *