हथौड़ी थाना कांड 3/26 में आरोपी गिरफ्तार, शराब मामले में भेजा गया न्यायिक हिरासत में
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत हथौड़ी थाना कांड संख्या 3/26 के प्राथमिकी अभियुक्त पुनमा धरमपुर गांव निवासी रामचंद्र महतो के पुत्र कृष्ण कुमार महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी शराब से जुड़े मामले में की गई है।
इस संबंध में अपर थाना अध्यक्ष मुखराम सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया।
अपर थाना अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। शराब तस्करी, बिक्री एवं सेवन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि नशामुक्त समाज की दिशा में कठोर कदम उठाए जाएं।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि आगे भी ऐसे अभियानों से समाज को सुरक्षित बनाया जाएगा।
