इलाज में लापरवाही के आरोप पर भड़के परिजन, शिवाजीनगर पीएचसी में तोड़फोड़
शिवाजीनगर/समस्तीपुर। प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर में शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब सड़क दुर्घटना में घायल युवक को चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे। गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की और पुलिस वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
राजा चौक पर आमने-सामने टक्कर
जानकारी के अनुसार रोसड़ा थाना क्षेत्र के रानीपरती पंचायत अंतर्गत राजा चौक पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में नरेश राय के 35 वर्षीय पुत्र फूल बाबू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय संयोगवश डायल 112 पुलिस टीम वहां से गुजर रही थी।
डायल 112 में शामिल पीटीसी मंत लाल मंडल ने बताया कि युवक अचेत अवस्था में था और उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर थी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर पहुंचाया।
अस्पताल में मृत घोषित, परिजनों का आरोप
अस्पताल पहुंचने के बाद ऑन-ड्यूटी चिकित्सक डॉ. सूरज प्रकाश ने प्राथमिक जांच के उपरांत युवक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समुचित इलाज का प्रयास नहीं किया गया और बिना पर्याप्त उपचार के ही मृत घोषित कर दिया गया।
परिजनों का कहना था कि घायल उस समय जीवित था और उसे बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर या अन्य बड़े अस्पताल में रेफर किया जाना चाहिए था। एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने का भी आरोप लगाया गया।
अस्पताल में तोड़फोड़ और पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त
मृत घोषित किए जाने की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में भीड़ जुट गई और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। कुछ लोगों ने अस्पताल के फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। इसी दौरान शिवाजीनगर थाना की पुलिस गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया गया।
हालांकि बाद में पुलिस ने अपने वाहन से घायल को समस्तीपुर भेजने की व्यवस्था की, लेकिन इस दौरान उपद्रवियों ने वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।
चिकित्सक और पुलिस का बयान
डॉ. सूरज प्रकाश ने बताया कि डायल 112 टीम द्वारा लाए गए अज्ञात मरीज को बचाने का हरसंभव प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही मृत घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि कुछ देर बाद आए लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की।
वहीं शिवाजीनगर थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ और पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने की घटना की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में तनाव, प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Read More :- ओवरटेक के दौरान दो बाइकों की टक्कर, बीए पार्ट-2 के छात्र की दर्दनाक मौत
