शिवाजीनगर में अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान, भारी मात्रा में अर्धनिर्मित देसी शराब नष्ट
शिवाजीनगर (समस्तीपुर)। थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अवैध शराब निर्माण और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अर्धनिर्मित देसी शराब (जुलाई) बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई। अभियान का नेतृत्व शिवाजीनगर थाना के अपर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने किया।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कुछ स्थानों पर अवैध रूप से देसी जुलाई शराब का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान एएसआई बृजेश कुमार, सुलेखा कुमारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस ने मौके से अर्धनिर्मित शराब, कच्चा माल तथा निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए।
बरामद सामग्री मौके पर ही विनष्ट
पुलिस ने बरामद सभी सामग्री को नियमानुसार जब्त करते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के धंधे पर पूर्ण रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अपर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आम लोगों से सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। समय पर सूचना मिलने से प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहेगी।
