S News85

गीदड़ के काटने से छह वर्षीय मासूम की 13 दिन बाद मौत, रन्ना गांव में मातम; 24 जुलाई के हमले में कई लोग हुए थे घायल

गीदड़ के काटने से छह वर्षीय मासूम की 13 दिन बाद मौत, रन्ना गांव में मातम; 24 जुलाई के हमले में कई लोग हुए थे घायल

Share

समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दहियार रन्ना पंचायत के रन्ना गांव में 24 जुलाई को गीदड़ के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए छह वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। घटना के 13 दिन बाद बच्चे की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में गीदड़ों के बढ़ते आतंक को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

खेलते समय गीदड़ ने किया था हमला

मृतक की पहचान रन्ना गांव वार्ड-16 निवासी रंजीत कुमार के छह वर्षीय पुत्र रौनक कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, 24 जुलाई की सुबह रौनक अपने छोटे भाई रिषभ कुमार के साथ घर के बाहर खेल रहा था। घर के समीप झाड़ी और जंगलनुमा क्षेत्र में छिपे एक गीदड़ ने अचानक बच्चों पर हमला कर दिया। गीदड़ ने रौनक को गंभीर रूप से काटकर घायल कर दिया और मौके से भाग निकला।

गीदड़ के काटने से छह वर्षीय मासूम की 13 दिन बाद मौत, रन्ना गांव में मातम; 24 जुलाई के हमले में कई लोग हुए थे घायल

बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन दौड़े और घायल रौनक को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शिवाजीनगर ले गए।

कई अस्पतालों में चला इलाज

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे अनुमंडलीय अस्पताल रोसड़ा, फिर सदर अस्पताल समस्तीपुर ले गए।

बेहतर उपचार की उम्मीद में परिजन उसे दरभंगा जिले के बहेरी भी ले गए, जहां आवश्यक एंटी रेबीज वैक्सीन दिलाई गई। बाद में फिर सदर अस्पताल समस्तीपुर में उसका इलाज चलता रहा।

इलाज के बाद स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर परिजन उसे घर ले आए, लेकिन बुधवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रौनक की मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मां रानी कुमारी बेटे के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोती रही। वह बार-बार बेटे का नाम लेकर बेसुध हो जा रही थीं।

मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई रिषभ कुमार भी इस घटना के बाद सदमे में है। पिता रंजीत कुमार, जो रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्य में ड्राइवरी का काम करते हैं, बेटे की मौत की सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए।

24 जुलाई को कई लोगों पर हुआ था हमला

ग्रामीणों ने बताया कि 24 जुलाई को रन्ना गांव में एक गीदड़ ने अचानक कई लोगों पर हमला कर दिया था। इस हमले में रौनक कुमार के अलावा उदयनाथ कुमार, सुनीता देवी, जीवछ मंडल के पांच वर्षीय पुत्र सहित पांच से छह लोग घायल हुए थे।

वहीं, दहियार गांव में भी एक व्यक्ति गीदड़ के हमले में घायल हुआ था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से गीदड़ों को पकड़ने और प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर शिवाजीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि गीदड़ के काटने से घायल बालक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version