शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत प्रखंड संसाधन केंद्र परिसर में मंगलवार को टीएलएम (Teaching Learning Material) मेला का आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक मेले में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी शिक्षण सामग्री की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई।
कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ आलोक कुमार सिंह, बीईओ राम जन्म सिंह, पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह एवं समाजसेवी संतोष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के बाद निर्णायक मंडल द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
निर्णायक मंडल में प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार, मृत्युंजय कुमार राय एवं संगीता कुमारी शामिल रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागी शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत विज्ञान एवं गणित आधारित टीएलएम मॉडलों का गहन मूल्यांकन किया।

प्रखंड स्तरीय टीएलएम मेला 2026 में शिवाजीनगर प्रखंड के कुल 17 संकुलों से तीन-तीन विद्यालयों का चयन किया गया, जिसमें कुल 51 विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया। शिक्षकों ने नवाचार आधारित शिक्षण सामग्री तैयार कर प्रखंड संसाधन केंद्र परिसर में प्रदर्शनी लगाई, जिससे शिक्षा को सरल और रोचक बनाने का संदेश दिया गया।
निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन के उपरांत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कलवारा की नवजोत कौर को प्रथम स्थान, प्राथमिक विद्यालय जगदर के निशांत सौरभ को द्वितीय स्थान तथा मध्य विद्यालय शिवाजीनगर के प्रशांत कुमार को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में विजेता शिक्षकों को मेडल, मेमोटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि टीएलएम मेला शिक्षकों की रचनात्मकता को मंच देने के साथ-साथ बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर शिक्षक राजन कुमार, शशि कुमार, संतोष कुमार, दिनेश प्रसाद सिंह, संजीव कुमार सिंह, राजकुमार राय, शिव कुमार, गौतम कुमार, सुभाष सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं शैक्षणिक वातावरण में संपन्न हुआ।