S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

Samastipur

चित्तौड़ा गांव में तीन दिवसीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन, वैदिक मंत्रों से गूंजा पूरा क्षेत्र

Share

प्रखंड अंतर्गत चित्तौड़ा गांव स्थित महावीर स्थान परिसर में अखंड दीप प्रज्वलन की शताब्दी वर्ष एवं बंदनीय माता भगवती शरण आचार्य की जन्म शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर तीन दिवसीय एक कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ यज्ञ स्थल पर उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन की सुगंध से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महायज्ञ का विधिवत संचालन कर्मकांडी विवेक कुमार एवं उषा कुमारी द्वारा वैदिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया गया।

महायज्ञ के दौरान गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र सहित अन्य वैदिक मंत्रों की गूंज से श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। आहुतियों के साथ श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण, समाज में सद्भाव एवं मानव कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर कर्मकांडी विवेक कुमार ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि युग ऋषि श्रीराम शर्मा आचार्य के विचार आज समाज में साकार रूप ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब हर व्यक्ति आध्यात्मिक चेतना से जुड़ रहा है। समाज में नैतिकता, संस्कार और सेवा भावना का प्रसार हो रहा है, जो आने वाले समय में धरती पर स्वर्ग के अवतरण का मार्ग प्रशस्त करेगा।

उन्होंने मानव में देवत्व के उदय की बात करते हुए कहा कि जब व्यक्ति अपने भीतर सकारात्मक परिवर्तन लाता है, तभी समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।

महायज्ञ के दौरान महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। श्रद्धालुओं ने यज्ञ स्थल की परिक्रमा की, दीप प्रज्वलन किया तथा प्रवचनों के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त किया। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन में अनुशासन एवं पवित्रता का विशेष ध्यान रखा गया।

कार्यक्रम में आशा कुमारी, अभिलाषा कुमारी, जिज्ञासा कुमारी, अजय कुमार मंडल, पुजारी दानी मंडल, शिवनाथ मंडल, राम प्रगास मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुद्धिजीवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

स्थानीय लोगों ने इस आयोजन को क्षेत्र के लिए सौभाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का कार्य होता है।

तीन दिवसीय गायत्री महायज्ञ के समापन पर पूर्णाहुति के साथ विश्व कल्याण की कामना की गई। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों एवं महावीर स्थान समिति की सराहनीय भूमिका रही। श्रद्धालुओं ने आयोजन समिति को धन्यवाद देते हुए भविष्य में भी इस तरह के आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *