लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान: शिवाजीनगर प्रखंड समन्वयक हरिनाथ सिंह को भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह आयोजित
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (LSBA) के तहत शिवाजीनगर प्रखंड में कार्यरत प्रखंड समन्वयक हरिनाथ सिंह के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में विदाई सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। उनका स्थानांतरण समस्तीपुर से सासाराम जिला में किया गया है। इस अवसर पर प्रखंड मुख्यालय के सभा कक्ष में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री आलोक कुमार सिंह ने की, जबकि मंच संचालन प्रखंड के बड़ा बाबू जितेंद्र कुमार झा द्वारा किया गया। समारोह के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा हरिनाथ सिंह को शॉल, माला और पाग पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डुमरा मोहन पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि एवं समाजसेवी संतोष कुमार सिंह, मुखिया संघ अध्यक्ष रामचंद्र सिंह, संजय सहनी, मुखिया असर्फी सहनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड कर्मियों ने भी उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने हरिनाथ सिंह के कार्यकाल को सराहनीय बताते हुए कहा कि उन्होंने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने प्रखंड में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समारोह में प्रखंड नाजिर प्रभात कुमार, प्रखंड लिपिक आफताब आलम, प्रखंड कर्मी शंभू कुमार, वार रूम कर्मी रमाकांत राय, स्वच्छता पर्यवेक्षक मनीष कुमार, चंदन सहनी, जयकांत राय, विकास कुमार, रामकुमार, श्याम सुंदर सुमन, आवास पर्यवेक्षक विभाष कुमार, राहुल कुमार समेत अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने हरिनाथ सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे जहां भी जाएं, अपने कर्तव्यों के प्रति इसी तरह सजग और समर्पित रहें तथा अपने कार्यों से नई पहचान बनाएं।





