S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

Samastipur

शिवाजीनगर के सरहिला गांव में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, घर का सारा सामान जलकर राख

Share

शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत परसा पंचायत के सरहिला गांव वार्ड संख्या 5 में शनिवार सुबह करीब 6 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। यह आग स्वर्गीय बेचन मंडल के पुत्र नागेंद्र कुमार के घर में लगी, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरा घर आग की चपेट में आ गया।

ग्रामीणों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा साइकिल, पंखा, फर्नीचर, मवेशियों का चारा, गेहूं, मक्का, चावल सहित अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी भयभीत हो गए और तुरंत घरों से बाहर निकल आए।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। हालांकि जब तक अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचा, तब तक घर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हो चुका था।

आग लगने की सूचना पर प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, मुखिया पति राम पुकार मंडल, पंचायत समिति सदस्य सरोज कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि सरकार की ओर से मिलने वाले आपदा राहत मुआवजे की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाएगी। वहीं पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना की सूचना अंचलाधिकारी (सीओ) को भी दे दी गई है और आवेदन सौंपा जा चुका है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिया जाए ताकि वे दोबारा अपना जीवन सामान्य रूप से शुरू कर सकें। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *