शिवाजीनगर प्रखंड मुख्यालय के नए भवन में पहला जनता दरबार आयोजित, तीन पुराने मामलों का हुआ निष्पादन
शिवाजीनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित नए अंचल कार्यालय भवन में शनिवार को पहला जनता दरबार आयोजित किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी (सीओ) वीणा भारती ने की। इस दौरान आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
जनता दरबार में कुल तीन पुराने मामलों का सफल निष्पादन किया गया, जिससे संबंधित पक्षों को बड़ी राहत मिली। वहीं दो नए मामलों को लेकर आवेदन प्राप्त हुए। इनमें एक मामला शिवाजीनगर थाना क्षेत्र से तथा दूसरा हथौड़ी थाना क्षेत्र से संबंधित है। दोनों मामलों को संज्ञान में लेते हुए अंचल प्रशासन द्वारा अगली तिथि पर सुनवाई के लिए संबंधित पक्षों को नोटिस निर्गत कर दिया गया है।
सीओ वीणा भारती ने बताया कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना तथा भूमि व राजस्व से जुड़े विवादों का पारदर्शी एवं निष्पक्ष समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और समस्याओं का समाधान एक ही मंच पर किया जाता है।
जनता दरबार में शिवाजीनगर थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार, राजस्व कर्मचारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने मामलों की सुनवाई में सहयोग करते हुए आवश्यक दस्तावेजों की जांच की और समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
स्थानीय लोगों ने नए भवन में आयोजित पहले जनता दरबार को लेकर संतोष व्यक्त किया और इसे आम जनता के लिए एक सराहनीय पहल बताया। लोगों का कहना था कि इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होने से आम नागरिकों को न्याय मिलने में आसानी होगी और प्रशासन व जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा।
