S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

worldliness

पंचायत समिति की बैठक में नल-जल, स्वास्थ्य सेवाओं और अवैध वसूली का मुद्दा गरमाया

Share

प्रखंड मुख्यालय। प्रखंड मुख्यालय के सभागार में गुरुवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने किया। बैठक की शुरुआत मिथिला की परंपरा के अनुरूप अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कर्मियों को गमछा भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई।

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान नल-जल योजना की बदहाल स्थिति, स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मियों की अनुपस्थिति, पंचायत सरकार भवन के नियमित रूप से नहीं खुलने, विद्यालयों की अव्यवस्था तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अवैध वसूली जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।

पंचायत समिति की बैठक में नल-जल, स्वास्थ्य सेवाओं और अवैध वसूली का मुद्दा गरमाया

दसौत पंचायत के मुखिया नटवर कुमार राय ने पंचायत कार्यालयों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंचायत सचिव को छोड़कर अन्य कर्मी नियमित रूप से कार्यालय नहीं आते हैं। उन्होंने बताया कि यह मामला कई बार बैठकों में उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आम लोगों को सरकारी सेवाओं और प्रमाण पत्रों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जाखड़ धरमपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य शंभू बैठा ने भीषण गर्मी के बीच नल-जल योजना की खराब स्थिति को लेकर पीएचईडी विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अधिकांश पंचायतों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है और लोग पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं।

शंभू बैठा ने जाखड़ धरमपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों को नियमित रूप से दवाएं उपलब्ध नहीं हो रही हैं और स्वास्थ्यकर्मी भी अक्सर अनुपस्थित रहते हैं। उन्होंने पंचायत सरकार भवन के नियमित रूप से बंद रहने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी और सरकारी सेवाएं समय पर नहीं मिल पाती हैं।

पंचायत समिति की बैठक में नल-जल, स्वास्थ्य सेवाओं और अवैध वसूली का मुद्दा गरमाया

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अनियमितताओं का मामला भी उठाया गया। पंचायत समिति सदस्य ने आरोप लगाया कि आवास योजना में लाभुकों से अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा राजकीय बुनियादी विद्यालय धरमपुर की समस्याओं को भी सदन में रखा गया। बताया गया कि विद्यालय में पेयजल, बिजली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। शौचालय होने के बावजूद उसकी नियमित सफाई नहीं होने से छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पंचायत समिति की बैठक में नल-जल, स्वास्थ्य सेवाओं और अवैध वसूली का मुद्दा गरमाया

पंचायत समिति सदस्य गुंजन सिंह ने अत्यधिक गर्मी के बावजूद निजी विद्यालयों के संचालन पर चिंता जताते हुए प्रशासन से जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। वहीं पंचायत समिति सदस्य अध्यक्ष कुमार शर्मा ने गुमराह मोहन पंचायत के वार्ड संख्या-5 शिवाजी बाजार में पब्लिक लाइब्रेरी से मिडिल स्कूल पुलिया तक नाला निर्माण कराने की मांग रखी।

बैठक में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन के समक्ष रखा। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और क्रियान्वयन की जानकारी दी तथा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक में सीओ वीणा भारती, सीडीपीओ निभा कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, बीईओ रामजन्म सिंह, पीएचईडी के जेई हिमांशु कुमार, बिजली विभाग के जेई आकाश वर्मा सहित कई अधिकारी, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अंत में प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार ने परसा पंचायत के मुखिया पति एवं नव निर्वाचित जदयू प्रखंड अध्यक्ष राम पुकार मंडल का सभी जनप्रतिनिधियों से परिचय कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *