शिवाजीनगर में सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल का शुभारंभ, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया ऑनलाइन उद्घाटन
शिवाजीनगर। शिक्षा के क्षेत्र में शिवाजीनगर प्रखंड के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई, जब सरस्वती विद्या निकेतन प्लस टू उच्च विद्यालय, शिवाजीनगर को मॉडल स्कूल के रूप में नई पहचान मिली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यालय का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री के ऑनलाइन उद्घाटन के बाद विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) रामजन्म सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, मुखिया सुनैना देवी, पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह, समाजसेवी संतोष सिंह, रविंद्र सिन्हा, योगाचार्य डॉ. रमाकांत सिंह, पूर्व प्राचार्य कुंडेश्वर प्रसाद सिंह, बीस सूत्री उपाध्यक्ष किशोरी प्रसाद सिंह तथा प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मॉडल स्कूल का विधिवत उद्घाटन किया।
बैंड की धुन पर हुआ अतिथियों का स्वागत
उद्घाटन समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बैंड की मधुर धुन के साथ सभी अतिथियों का भव्य स्वागत किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
नए छात्रों का फूल बरसाकर स्वागत

विद्यालय में नामांकित 40 छात्र-छात्राओं का शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं ने फूल बरसाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को उनके कक्षा कक्ष तक सम्मानपूर्वक पहुंचाया गया। समारोह के दौरान अतिथियों ने भी छात्रों से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सोमवार से शुरू होगी एस्कॉर्ट गाइड ट्रेनिंग

विद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों के लिए एस्कॉर्ट गाइड प्रशिक्षण सोमवार से शुरू किया जाएगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
विद्यालय को मिला नया नाम
इस अवसर पर घोषणा की गई कि अब तक शिवाजीनगर माध्यमिक प्लस टू उच्च विद्यालय, शिवाजीनगर के नाम से संचालित विद्यालय को अब “सरस्वती विद्या निकेतन प्लस टू उच्च विद्यालय, शिवाजीनगर मॉडल स्कूल” के नाम से जाना जाएगा। विद्यालय को मॉडल स्कूल का दर्जा मिलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलने की उम्मीद है।
समारोह में ये शिक्षक एवं गणमान्य लोग रहे उपस्थित
समारोह में शिक्षक राजनारायण, विगेश कुमार, बृजमोहन सहनी, प्रशांत कुमार, राधाकांत सिंह, बुधियार मुखिया, मो. नूर आलम, शिवशंकर शर्मा, अंकित कुमार, मुकेश कुमार, संजय कुमार सहनी, संतोष कुमार, गौतम मिश्रा, चंदन कुमार, धनपत कुमार, रूबी कुमारी, नेहा रानी, उषा कुमारी, पूजा भारती, राम उदय सिंह, रामचंद्र चौधरी, राजन कुमार सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
विद्यालय के मॉडल स्कूल के रूप में शुभारंभ को लेकर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
