S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

Crime

गलगल चौक के समीप लाखों की चोरी, नकद व जेवरात लेकर फरार

Share

शिवाजीनगर (समस्तीपुर)। प्रखंड अंतर्गत हथौड़ी थाना क्षेत्र के बल्लीपुर पंचायत स्थित गलगल चौक के पास पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप शनिवार देर रात एक घर में लाखों रुपये की चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। चोर घर में रखे नकद रुपये, सोने के जेवरात और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

घटना को लेकर पीड़िता ने हथौड़ी थाना में आवेदन देकर चार लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है।


रात 2 बजे घर में घुसे चोर, पांच लाख नकद ले उड़े

जानकारी के अनुसार बल्लीपुर पंचायत वार्ड संख्या 5 निवासी देवचंद चौधरी की 65 वर्षीय पत्नी बूच्ची देवी ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 22 फरवरी की रात करीब 2:10 बजे चोर घर के अंदर घुस आए।

घर में रखे बक्से से करीब पांच लाख रुपये नकद, एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी ड्यूटी बाली, एक सोने का कनौसी तथा एक मोबाइल फोन (एयरटेल सिम सहित) चोरी कर लिया गया।

पीड़िता के अनुसार आहट सुनकर जब उनकी नींद खुली तो घर में हलचल दिखी। शोर मचाने पर आरोपित सामान लेकर फरार हो गए। उन्होंने आवेदन में चार लोगों को नामजद करते हुए आरोप लगाया है कि वे सभी चोरी का सामान लेकर भागते हुए देखे गए।


पहले भी हो चुकी है चोरी

पीड़िता ने बताया कि इससे पूर्व भी उनके घर में चोरी की घटना हो चुकी है। उस समय एक आरोपित को रंगे हाथ पकड़ा गया था, लेकिन ग्रामीणों के कहने पर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था। दोबारा हुई इस घटना के बाद परिवार दहशत में है।


सर्किल इंस्पेक्टर ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही सोमवार को रोसड़ा सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने घर के दरवाजे, बक्से और आसपास की स्थिति का जायजा लिया तथा पीड़िता व ग्रामीणों से पूछताछ की।

गलगल चौक के समीप लाखों की चोरी, नकद व जेवरात लेकर फरार

निरीक्षण के दौरान अपर थाना अध्यक्ष मुखराम सिंह, सुरेश शाह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। सर्किल इंस्पेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हथौड़ी थाना अध्यक्ष मौसम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।


ग्रामीणों में दहशत, गश्ती बढ़ाने की मांग

घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

थानाध्यक्ष मौसम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *