डॉ. भीमराव अंबेडकर आधुनिक भारत के निर्माता, उनके विचार व सिद्धांत भारतीय राजनीति के लिए हमेंशा से हैं प्रासंगिक: श्याम रजक
प्रखंड अंतर्गत शंकरपुर पंचायत में आयोजित पंचायत स्तरीय डॉ. भीमराव अंबेडकर परिचर्चा को आयोजन किया| अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष घुरन यादव ने किया। संचालन कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष राजाराम मंडल ने किया।
इसे सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री सह राजद के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर भारत के आधुनिक निर्माताओं में से एक माने जाते हैं। उनके विचार व सिद्धांत भारतीय राजनीति के लिए हमेशा से प्रासंगिक रहे हैं। दरअसल वे एक ऐसी राजनीतिक व्यवस्था के हिमायती थे, जिसमें राज्य सभी को समान राजनीतिक अवसर दे तथा धर्म, जाति, रंग तथा लिंग आदि के आधार पर भेदभाव नही किया जाए। उनका यह राजनीतिक दर्शन व्यक्ति और समाज के परस्पर संबंधों पर बल देता है। उनका यह दृढ़ विश्वास था कि जब तक आर्थिक और सामाजिक विषमता समाप्त नहीं होगी, तब तक जनतंत्र की स्थापना अपने वास्तविक स्वरूप को ग्रहण नहीं कर सकेगी l दरअसल सामाजिक चेतना के अभाव में जनतंत्र आत्मविहीन हो जाता है। ऐसे में जब तक सामाजिक जनतंत्र स्थापित नहीं होता है| तब तक सामाजिक चेतना का विकास भी संभव नहीं हो पाता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष गरीबो के मसीहा लालू प्रसाद यादव हमें यह प्रेरणा मिलती है कि उनकी तरह ही मुखरता से गरीबों शोषितों और वंचितों की लड़ाई बिना सिद्धांतों से समझौता किए लड़ते रहें। लालू जी ने बिहार की तमाम सामाजिक विसंगतियों को खत्म किया और गरीबों के हक़ का झंडा बुलंद किया। चाहे कितनी भी विषम परिस्थिति आई, कभी घुटने नहीं टेके, कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। वो आज भी बिना थके, बिना झुके लड़ रहे हैं l अपने सम्बोधन के क्रम में जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि बाबा साहेब डॉ आंबेडकर ने हमें संविधान दिया जो आज खतरे में है l विपक्ष की आवाज दबाने के लिये संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है | और संविधान का मखौल उड़ाया जा रहा है। आज देश का संविधान खतरे में है, उसको बचाना है l मौके पर प्रखंड उपाध्यक्ष महेश यादव, प्रखंड उपाध्यक्ष प्रभारी पूर्व जिला पार्षद शंभू भूषण यादव, राजद शिक्षा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शत्रुघन यादव, राजद नेता चंदन साहनी, बुधन पासवान, समेत सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण एवं राजद कार्यकर्ता मौजूद थे|
शिवाजीनगर समस्तीपुर एस न्यूज़ सुरेश कुमार सिंह