S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

S News85

खबरें जो रखे आपको सबसे आगे।

Samastipur

पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी के निधन से बेला गांव में शोक की लहर, जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Share

शिवाजीनगर (समस्तीपुर)। प्रखंड अंतर्गत रहियार उत्तर पंचायत के बेला गांव की वर्तमान पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी (46) के असामयिक निधन से पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। उनके निधन की खबर मिलते ही जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त किया। रविवार को पूरे सम्मान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर उन्हें अंतिम विदाई दी। उनके बड़े पुत्र राहुल कुमार राम ने मुखाग्नि दी।

परिजनों के अनुसार रेखा देवी वर्ष 2005 से ही गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और उनका लगातार इलाज चल रहा था। शनिवार को बेहतर उपचार के लिए उन्हें दरभंगा ले जाया गया था। चिकित्सकीय परामर्श के बाद घर लौटने के दौरान बन्दा चौक के समीप अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनका निधन हो गया। इस अप्रत्याशित घटना से परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जनसेवा के लिए हमेशा रहेंगी याद

पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी के निधन से बेला गांव में शोक की लहर, जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

रेखा देवी लंबे समय तक पंचायत की सक्रिय जनप्रतिनिधि रहीं। उन्होंने एक कार्यकाल तक उप सरपंच के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इसके बाद लगातार दूसरे कार्यकाल में पंचायत समिति सदस्य के रूप में रहियार उत्तर पंचायत का प्रतिनिधित्व कर रही थीं।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पंचायत के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी सरलता, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें क्षेत्र में एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रेखा देवी अपने पीछे पति चंद्र देव राम, जो वर्तमान में विकास मित्र के पद पर कार्यरत हैं, दो पुत्र राहुल कुमार राम एवं रोहित कुमार राम, तथा दो पुत्रियां किरण देवी और अनु कुमारी को छोड़ गई हैं। सभी संतानें विवाहित हैं। उनके निधन से परिवार सहित पूरे बेला गांव में मातम पसरा हुआ है।

जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक

पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी के निधन से बेला गांव में शोक की लहर, जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

निधन की सूचना मिलते ही पंचायत सचिव महेंद्र पासवान, प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, मुखिया धर्मेंद्र कुमार मंडल, सरपंच बाबू प्रसाद सिंह, पंचायत समिति सदस्य सरोज कुमार, आशा कुमारी, समाजसेवी संजय सहनी, श्याम यादव, हेमंत कुमार, सीताराम मंडल, शशि कुमार, रामनारायण मंडल, राजेश्वर प्रसाद राम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उनके आवास पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए रेखा देवी के सामाजिक योगदान को याद किया।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि रेखा देवी एक कर्मठ, ईमानदार और जनहित के लिए समर्पित महिला जनप्रतिनिधि थीं। उनके निधन से पंचायत क्षेत्र ने एक सक्रिय सामाजिक नेतृत्व खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *