शिवाजीनगर में UPSC टॉपर्स का सम्मान: अंकित रोशन (AIR 255) और अभिषेक सिंह (AIR 308) बने युवाओं के प्रेरणास्रोत
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय शिवाजीनगर के सभागार में डॉ. कलाम फाउंडेशन फॉर रूरल डेवलपमेंट के तत्वावधान में रविवार को यूपीएससी 2025 में सफलता प्राप्त करने वाले इस क्षेत्र के दो अभ्यर्थियों के सम्मान में समारोह सह यूपीएससी की तैयारी विषय पर परिचर्चा कार्यक्रम का संस्था के संयोजक ललित कुमार सिंह द्वारा आयोजन किया गया। अंकित रोशन (AIR 255) और अभिषेक सिंह (AIR 308) बने युवाओं के प्रेरणास्रोत ,
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह ने की। जबकि संचालन भवन निर्माण विभाग के उप सचिव ललित कुमार सिंह एवं संस्था के सचिव राज नारायण ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

इसके बाद संस्था के अध्यक्ष बालमुकुंद सिंह, ललित कुमार सिंह, राज नारायण, राम शंकर सिंह, गोपाल कुमार, सुरेश कुमार सिंह एवं राजन कुमार सहित अन्य ने यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर दरभंगा जिले के बहेरी प्रखंड अंतर्गत कोठरा गांव निवासी रामकुमार के पुत्र अंकित रोशन, जिन्होंने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 255 प्राप्त किया है, तथा खगड़िया जिले के अम्बा गांव निवासी दिनेश प्रसाद सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह, वर्तमान में सहरसा जिला में एडीएम के पद पर कार्यरत हैं जिन्होंने रैंक 308 हासिल किया है, को पाग, चादर, माला, मोमेंटो, बुके, डायरी तथा शिवाजीनगर के कर्मवीर और बिहार की महान हस्तियां नामक पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों को छात्राओं के द्वारा फूल बरसा कर स्वागत किया गया। वहीं अंकित रोशन के माता पिता को भी मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समारोह में उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। बताया गया कि अभिषेक सिंह वर्तमान में सहरसा जिले में एटीएम के पद पर कार्यरत हैं।
सम्मान समारोह के दौरान सफल अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा

यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता पाने के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि विद्यार्थी लगन और सही रणनीति के साथ तैयारी करें तो सफलता निश्चित रूप से मिल सकती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे भी बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करें। जीवन में सफलता पाने के लिए बड़े सपने देखकर उसे साकार करने के लिए ईमानदारीपूर्वक प्रयासरत रहें। अभाव सफलता के आरे नहीं आ सकता। दृढ इच्छाशक्ति के साथ सफलता की राह में अभाव बाधक नहीं होता है। श्रद्धा और लगन से मंजिल पाया जा सकता है। उत्प्रेरण सत्र के दौरान छात्रों से दोनों सफल अभ्यर्थी ने कहा कि लक्ष्य को तय कर ईमानदारीपूर्वक प्रयासरत रहने से सपने साकार होते हैं। अपनी जीवनी से बच्चों को अवगत कराते हुए उन्होंने कहा कि मैंने भी अभावग्रस्त जीवन के साथ अपनी पढ़ाई शुरू की, पर अपने लगन और मेहनत के बूते जो कुछ भी हूं, आपके सामने हूं।

लोक सेवा की तैयारी की तकनीक से छात्रों को अवगत कराते हुए हर विषय में महारत हासिल करने की तकनीक बताई। उन्होंने कहा कि दृढ़संकल्प के साथ साधना करने से सपने साकार होंगे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को उचित मार्गदर्शन और प्रेरणा मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। इस तरह के कार्यक्रम युवाओं को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रबुद्ध लोगों को आगे आकर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देना चाहिए ताकि वे प्रशासनिक सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान यूपीएससी की तैयारी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई, जिसमें सफल अभ्यर्थियों ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन और अध्ययन सामग्री के चयन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। मौके पर शिक्षक विकेश कुमार सिंह, पूर्व प्राचार्य कुंडेश्वर प्रसाद सिंह, ललन कुमार सिंह, देवनारायण सिंह, दिलीप कुमार सिंह, राम पुकार सिंह, रामवृक्ष सिंह, योगाचार्य रमाकांत सिंह , संजीव कुमार सिंह , डॉ विनोद कुमार सिंह, सीताराम मंडल, शिवाजी मंडल, नागेश्वर प्रसाद सिंह, देवनारायण सिंह, नंदकिशोर यादव, शंकर मंडल, अरविंद कुमार सिंह, राधाकांत सिंह ,राजाराम पासवान सहित कई शिक्षक, बुद्धिजीवी एवं छात्र-छात्रा स्थानीय लोगों मौजूद थे।
